लखनऊ : उत्तर प्रदेश के 4,512 सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए तबादले की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया 14 जून तक चलेगी। हालांकि, कई शिक्षक आवेदन प्रक्रिया में उलझ गए हैं, क्योंकि उन्होंने पहले ऑफलाइन आवेदन किया था और उनकी फाइलें अभी भी संबंधित कार्यालयों में लंबित हैं।
7 जून तक ऑफलाइन आवेदन का था विकल्प
दरअसल, शिक्षा विभाग ने ऑनलाइन प्रक्रिया से पहले 7 जून तक ऑफलाइन आवेदन का विकल्प दिया था। कई शिक्षकों ने अपने वर्तमान स्कूल से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लिया और इच्छित स्कूल में भी एनओसी के लिए आवेदन किया। लेकिन 7 और 8 जून को छुट्टियों और समय की कमी के कारण उनकी फाइलें मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक या जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से निदेशालय तक नहीं पहुंच सकीं। नतीजतन, ये शिक्षक अब ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, क्योंकि उन्होंने एक स्कूल से पहले ही एनओसी हासिल कर लिया है।
ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग
इस समस्या को देखते हुए, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (एकजुट) के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा ने शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. महेंद्र देव और अपर निदेशक सुरेंद्र तिवारी से मुलाकात की। उन्होंने मांग की कि जिन शिक्षकों की फाइलें अभी लंबित हैं, उनके हित में ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए।
संघ ने यह भी मांग की कि जिन शिक्षकों का चयन 1 अप्रैल 2005 से पहले विज्ञापित पदों पर हुआ था, उन्हें जल्द से जल्द पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाए। वहीं, शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह से आवेदन करने वाले शिक्षकों की तबादला सूची एक साथ जारी की जाएगी।
अगले साल केवल ऑनलाइन होगी प्रकिया
अपर शिक्षा निदेशक सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि अगले साल से तबादले की पूरी प्रक्रिया केवल ऑनलाइन होगी। ऑफलाइन विकल्प हटा दिया जाएगा, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
Read Also: UP News : अब बहराइच में गाजी का नहीं महाराजा सुहेलदेव और मां पाटेश्वरी का लगेगा मेला: सीएम योगी

