पटना : बिहार के चर्चित यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता मनीष कश्यप अब राजनीतिक रूप से जन सुराज के बैनर तले अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगे। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा देने वाले कश्यप 23 जून को प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज में शामिल होंगे। उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
BJP से इस्तीफा: फेसबुक लाइव में भावुक होकर बोले मनीष कश्यप
मनीष कश्यप ने BJP से इस्तीफा देने का ऐलान सोशल मीडिया के माध्यम से किया। एक फेसबुक लाइव सेशन में उन्होंने कहा कि वे अब भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य नहीं हैं। उन्होंने कहा- “मैं भाजपा में रहते हुए न तो अपनी बात रख पाया और न ही बिहार के लोगों की समस्याओं का समाधान कर सका। अब ऐसे मंच की तलाश है जहां जनता की आवाज को बुलंदी से उठाया जा सके।”
जन सुराज पार्टी में शामिल होकर लड़ेंगे चुनाव
प्रशांत किशोर की अगुवाई में चल रही जन सुराज पार्टी में मनीष कश्यप 23 जून को औपचारिक रूप से शामिल होंगे। उन्होंने घोषणा की है कि वे पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इस सीट पर वे पहले भी 2020 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा चुके हैं।
जन सुराज का एजेंडा और कश्यप की भूमिका
जन सुराज पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को केंद्र में रखकर जनता के बीच काम कर रही है। मनीष कश्यप जैसे सोशल मीडिया पर प्रभावशाली चेहरा पार्टी के लिए अहम भूमिका निभा सकता है। प्रशांत किशोर ने पहले ही स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी युवाओं को नेतृत्व में प्राथमिकता देगी।
BJP में रहते हुए मिला था अपमान: कश्यप
कश्यप ने बिना किसी नेता का नाम लिए कहा था कि भाजपा में उन्हें हाशिए पर रखा गया और उन्होंने यह तक कहा कि “मैं अपनी ही रक्षा नहीं कर पाया, तो दूसरों की क्या मदद करूंगा?” यही कारण रहा कि उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ने का फैसला लिया।
पीएमसीएच में डॉक्टरों से मारपीट का मामला भी आया था सामने
गौरतलब है कि कुछ सप्ताह पहले मनीष कश्यप के साथ पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में जूनियर डॉक्टरों द्वारा मारपीट का मामला भी सामने आया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद से ही उन्होंने राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही थी।

