Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धातकीडीह गोदाम इलाके में शनिवार देर रात एक दुखद घटना में एक मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 37 वर्षीय इमाम हुसैन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आज़ादबस्ती के रहने वाले थे और पिछले कुछ वर्षों से अपनी ससुराल धतकीडीह में रह रहे थे।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौटने पर खुला कमरा
बताया जाता है कि शनिवार रात जब घर के अन्य सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए हुए थे, तब इमाम घर पर अकेले थे। जब वे कार्यक्रम से लौटे, तो उन्होंने देखा कि इमाम का कमरा अंदर से बंद है। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और आवाज भी दी, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया।
पंखे से लटका मिला शव
कमरे के अंदर इमाम हुसैन का शव गमछे के सहारे पंखे से लटका हुआ मिला। परिजन तुरंत उन्हें टाटा मेन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शांत स्वभाव का था मृतक
तीन बेटियों के पिता इमाम हुसैन को इलाके में शांत और मेहनती स्वभाव का व्यक्ति माना जाता था। उनकी आत्महत्या की खबर से आसपास के लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कमरे से मिले दस्तावेजों और मोबाइल फोन को जब्त कर मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Read also : गुमला में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ : तीन तस्कर गिरफ्तार, नशीला पदार्थ जब्त

