Giridih (Jharkhand) : झारखंड के गिरिडीह जिले की साइबर पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिले के एसपी डॉ विमल कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को प्रतिबिंब पोर्टल से सूचना मिली थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के बघरा रेलवे ओवरब्रिज के पास बालीडीह में कुछ लोग फोन के जरिए ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं।
फर्जी लिंक, एप व बैंक अकाउंट का इस्तेमाल
सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रामेश्वर भगत के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर छापेमारी कर जामताड़ा निवासी मुख्य शातिर अफताब अंसारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि वे आम लोगों को ठगने के लिए मोबाइल पर फर्जी लिंक और ऐप का इस्तेमाल करते थे। वे बैंक अधिकारी बनकर लोगों के बैंक खाते से पैसा उड़ाते थे।
सभी आरोपी जामताड़ा निवासी
गिरफ्तार अपराधियों में अफताब अंसारी, परवेज अंसारी, तफाजुल अंसारी, तबरेज अंसारी और नियाज अंसारी शामिल है। सभी आरोपी जामताड़ा और देवघर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके पास से 12 मोबाइल फोन, जिनमें तीन आईफोन शामिल हैं, और 15 सिम कार्ड जब्त किए हैं।
जामताड़ा व देवघर के नेटवर्क से भी कनेक्शन
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह देवघर और जामताड़ा के अन्य साइबर नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ है। ठगी की रकम फर्जी खातों में मंगाई जाती थी। उसके बाद आरोपी नकद रूप में उसे बांट लिया करते थे। इस संबंध में एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि साइबर अपराध पर गिरिडीह पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है।
Read Also: Gua SAIL Mine Accident : गुवा के सेल खदान में 50 टन का टैंकर पलटा, ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल

