Ranchi (Jharkhand) : “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय…” यह प्रसिद्ध कहावत शनिवार को एक बार फिर चरिर्थात हुई। दरअसल, रांची के सिकदरी थाना क्षेत्र में हुंडरू जलप्रपात के पास स्थित मगतू मारादह जलाशय में अचानक तीन छात्र डूबने लगे। तीनों छात्र हजारीबाग के एक स्कूल से घूमने आये थे। यह ईश्वर की कृपा थी कि वहां तैनात पर्यटनकर्मियों की समय रहते नजर पड़ गई। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तीनों छात्रों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
गहरे पानी में चले जाने के कारण तीन छात्र डूबने लगे
बता दें कि हजारीबाग जिले के चुरचू स्थित आईडल चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल के बच्चे शैक्षणिक भ्रमण पर हुंडरू जलप्रपात घूमने आए थे। उनमें से कुछ छात्र मगतू मारादह के पास पानी में उतर कर मस्ती करने लगे। तभी गहरे पानी में चले जाने के कारण तीन छात्र डूबने लगे। साथ के अन्य छात्रों ने मदद के लिए आवाज लगानी शुरू कर दी। इसे सुन पर्यटनकर्मी वहां पहुंचे और तीनों को बाहर निकाल कर प्राथमिक सहायता दी।
तीनों छात्र सुरक्षित
हादसे से बच्चों के साथ आए सभी छात्र और शिक्षक घबरा गए। फिलहाल तीनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित बताए जाते हैं। स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने पर्यटनकर्मियों को धन्यवाद देते हुए उनकी सराहना की।
Read Also: RANCHI HEALTH NEWS: सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने दिया क्विक रिस्पांस, कटे गले का किया आपरेशन

