Jamshedpur : छात्रों का आरोप है कि उन्हें छात्रवृत्ति नहीं मिल रही है। इसे लेकर छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है। विभिन्न छात्रों ने आम बागान से एक रैली निकाली और साकची डीसी ऑफिस तक पहुंचे। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीसी ऑफिस में सौंप कर छात्रों को फौरन छात्रवृत्ति देने की मांग उठाई गई है। गौरतलब है कि भाजपा ने छात्रवृत्ति के मुद्दे पर ही सोमवार को विधानसभा में हंगामा किया था। इसके बाद यह छात्र रैली मंगलवार को निकाली गई है। यह छात्र रैली किसी छात्र संगठन के बैनर तले नहीं निकली है। बल्कि छात्रों का कहना है कि वह विभिन्न स्कूलों कॉलेजों के छात्र हैं।

राज्य में ई- कल्याण छात्रवृत्ति में पिछले दो सालों से कथित तौर पर हो रही देरी को लेकर छात्र-छात्राओं में नाराजगी है। आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्र मुख्य रूप से इसी मदद पर निर्भर रहते हैं। मगर, छात्रवृत्ति न मिलने के कारण कई छात्र अपनी पढ़ाई जारी रखने में असमर्थ हो रहे हैं।
छात्रों और युवा संगठनों का कहना है कि झारखंड में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और जेपीएससी तथा जेएसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं का नियमित आयोजन न होने से युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर जारी करने तथा लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को स्टार्ट करने की मांग की है।
युवाओं ने स्थानीय एवं नियोजन नीति को फौरन लागू करने पर भी जोर दिया है, ताकि झारखंड के स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता मिल सके और राज्य के संसाधनों का लाभ झारखंडियों तक पहुंचे।
छात्रों की प्रमुख मांगें
- ई कल्याण छात्रवृत्ति का फौरन भुगतान
- वार्षिक एग्जाम कैलेंडर जारी करना
- जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू करना
- स्थानीय एवं नियोजन नीति लागू करना
छात्रों का कहना है कि यदि सरकार जल्द कार्रवाई करती है तो हजारों विद्यार्थियों की शिक्षा सुरक्षित होगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।

