Jamshedpur : झारखंड में नगर निकाय चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर कांग्रेस हरकत में आ गई है। कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं की एक टीम उम्मीदवारों के चयन के लिए झारखंड के दौरे पर है। मंगलवार को कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी झारखंड के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री बंधु तिर्की आदि वरिष्ठ नेता जमशेदपुर पहुंचे। जमशेदपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग हुई। इस मीटिंग के दौरान नगर निकाय चुनाव के लिए उम्मीदवार टटोलने का काम हुआ। मानगो नगर निगम में मेयर पद के उम्मीदवार के अलावा जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत को लेकर भी बात हुई। कांग्रेस के साथ प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने मानगो को मानगो नगर निगम के सभी 36 वार्डों की सूची ले ली है। माना जा रहा है कि कांग्रेस की यह टीम सभी नगर निकायों में मेयर, अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के उम्मीदवारों का चयन करेगी।
इसके लिए सह प्रभारी ने तिलक पुस्तकालय में जमशेदपुर के वरिष्ठ कांग्रेसियों और पार्टी के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनकी राय जानी। मानगो नगर निगम में नगर निगम का मेयर पद का उम्मीदवार कौन हो सकता है। इसे लेकर मंथन किया गया।
सुधा गुप्ता के लिए पेश किया गया मेयर पद का दावा
इस मीटिंग में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बन्ना गुप्ता भी पहुंचे थे। सूत्र बताते हैं कि बन्ना गुप्ता ने अपनी पत्नी सुधा गुप्ता के लिए मेयर पद के उम्मीदवार का दावा पेश कर दिया है। सूत्रों की मानें तो अंदर खाने कई नेताओं ने इसका विरोध भी किया और कहा कि किसी भी तरह का परिवारवाद नहीं होना चाहिए। लेकिन, पार्टी के वरिष्ठ नेता यह मानते हैं कि नगर निगम में मेयर पद का उम्मीदवार वही हो जो इस चुनाव में जीतने की क्षमता रखता हो। लिहाज से बन्ना गुप्ता अन्य उम्मीदवारों पर बीस बैठते हैं। बन्ना गुप्ता का मानगो इलाके में तगड़ा नेटवर्क है। इसी के चलते वह इस इलाके से कई बार विधायक भी चुने गए हैं।
अंतिम पायदान तक मजबूत होगा पार्टी का संगठन
सह प्रभारी और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने मीटिंग के बाद पत्रकारों से बात की। सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने बताया कि कांग्रेस सभी जगह संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठन सृजन का अभियान चला रही है। इसी के तहत संगठन को मजबूत बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिलों के दौरे पर हैं। पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने बताया कि निचले स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए संगठन सृजन कार्यक्रम चलाया जा रहा है। पार्टी की मंशा है की अंतिम पायदान तक नेतृत्व को मजबूती प्रदान की जाए।
सरायकेला और चाईबासा भी जाएंगे सह प्रभारी
बंधु तिर्की ने कहा कि जमशेदपुर में मीटिंग के बाद वह लोग सरायकेला जाएंगे। वहां कांग्रेसियों के साथ मीटिंग होगी। वहां भी नगर निकाय चुनाव को लेकर उम्मीदवारों पर मंथन होगा। इसके बाद यह टीम पश्चिमी सिंहभूम जाएगी। जहां चाईबासा में नगर निकाय चुनाव और संगठन मजबूती पर चर्चा होगी। बंधु तिर्की ने बताया कि कांग्रेस के जितने भी सहयोगी मोर्चे हैं, जैसे आदिवासी कांग्रेस सेवादल, यूथ कांग्रेस, किसान मोर्चा, एनएसयूआई आदि को भी मजबूत और सक्रिय बनाने की कवायद चल रही है। उन्होंने बताया कि उनकी टीम यह देखने निकली है कि कहां संगठन कमजोर है। कहां कमी है। उसको पूरा किया जाएगा।
स्थापना दिवस पर घरों में लहराएगा पार्टी का झंडा क्या
साथ ही 28 दिसंबर को कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इसे लेकर निर्णय किया गया है कि सभी कांग्रेसियों के घर पर पार्टी का झंडा लगाया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत इसलिए बनाया जा रहा है ताकि साल 2019 में जब लोकसभा के चुनाव हों तो वर्तमान सरकार को उखाड़ कर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाया जा सके। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि संगठन मजबूती के बाद कांग्रेसी केंद्र की वर्तमान निकम्मी सरकार के खिलाफ शंखनाद करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान सरकार रेल, पोर्ट, एयरपोर्ट आदि का निजीकरण कर रही है। यह ठीक नहीं है। इससे लोकतंत्र कमजोर हो रहा है। बैठक में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह, कांग्रेस के नेता राकेश साहू आदि मौजूद रहे।

