Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) जिले के बड़सोल थाना क्षेत्र अंतर्गत कदमडीहा गांव में सोमवार की देर रात पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में एक स्कूटी से दो किलो गांजा बरामद किया गया, हालांकि तस्कर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया।
अंधेरे का फायदा उठा कर भाग निकला तस्कर
जानकारी के अनुसार बड़सोल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से गांजा की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही बड़सोल थाना प्रभारी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में बहरागोड़ा अंचलाधिकारी राजाराम मुंडा भी मौजूद थे। जैसे ही पुलिस ने स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया, उसने स्वयं को घिरता देख स्कूटी को सड़क पर छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
स्कूटी की डिक्की से मिला गांजा
पुलिस ने मौके पर खड़ी स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें डिक्की से करीब दो किलो गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने गांजा को जब्त करते हुए स्कूटी को भी अपने कब्जे में ले लिया। अंधेरा होने के कारण आरोपित को तत्काल गिरफ्तार नहीं किया जा सका।
पुलिस का दावा, जल्द गिरफ्तार किया जाएगा तस्कर
फरार तस्कर की पहचान के लिए पुलिस स्कूटी के कागजात, नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। छापेमारी अभियान में एएसआई कुलदीप ठाकुर, सिकंदर यादव सहित बड़सोल थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

