
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पोड़ाहाट गांव और सरांडियापोस के बीच स्थित सरांडियापोस नाले में युवक का शव पानी में आधें मुंह गिरा हुआ मिला।
जुटी ग्रामीणों की भीड़
सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव देखे जाने की सूचना दी। खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही सोनुवा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।
परिजनों ने की शव की शिनाख्त
परिजनों ने आकर शव की पहचान की। मृतक की पहचान सरांडियापोस गांव निवासी 25 वर्षीय कानुराम टोपनो, पिता कैरा टोपनो के रूप में हुई।
बुधवार से था लापता
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी। उसी शाम कानुराम मछली पकड़ने के लिए नाले की ओर गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग दो दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह नाले में शव मिलने की जानकारी मिली।
मौत के कारणों की जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है या किसी अन्य कारण से। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। इस संबंध में सोनुवा थाना प्रभारी ने शशी बाला भेंगरा ने कहा कि परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला डूबने का लग रहा हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों से अपील की है कि बरसात के दिनों में नदी-नालों के पास सावधानी बरतें।

