Home » Hazaribagh News : चौपारण में 864 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, बिहार भेजी जा रही खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Hazaribagh News : चौपारण में 864 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, बिहार भेजी जा रही खेप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

मिली सूचना के आधार पर टीम ने कमलवार मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे अम्बाजीत रोड पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

हजारीबाग : जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बिहार भेजी जा रही 864 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, जबकि शराब ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चौपारण थाना क्षेत्र के दबगर मोहल्ला निवासी सोनू कुमार दास (35), गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र के करमोनी गांव निवासी आशीष कुमार (20) तथा संतोष कुमार यादव (20) के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर गठित हुई विशेष छापेमारी टीम

पुलिस अधीक्षक को गत गुरुवार की रात को सूचना मिली थी कि कमलवार से अम्बाजीत जाने वाले मार्ग पर एक सफेद रंग की कार से शराब की खेप दूसरी कार में स्थानांतरित कर बिहार भेजने की तैयारी की जा रही है।

सूचना की पुष्टि के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कमलवार मोड़ से लगभग 500 मीटर आगे अम्बाजीत रोड पर पहुंचकर घेराबंदी की।

दो कारों से शराब उतारते समय तीन तस्कर गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो कारों को आमने-सामने खड़ा पाया। दोनों वाहनों की डिक्की खुली हुई थी और कुछ लोग एक वाहन से दूसरे वाहन में शराब की पेटियां उतार रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

864 बोतल अंग्रेजी शराब और दो कारें जब्त

पुलिस की तलाशी के दौरान हुंडई वरना कार से ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की की 11 पेटियां और अल्टो कार से सात पेटियां बरामद हुईं। कुल 18 पेटियों में 180 मिलीलीटर की 864 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। आरोपियों के पास शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने पूरी शराब खेप के साथ दोनों कारों को भी जब्त कर लिया।

बिहार भेजी जानी थी शराब की खेप

प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि शराब की खेप बगोदर से हुंडई वरना कार में लाई गई थी। इसके बाद उसे अल्टो कार में लोड कर बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

तस्करों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही जब्त वाहनों और शराब को कब्जे में लेकर आगे की जांच जारी है। इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर, चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार, पुलिस पदाधिकारी श्रवण कुमार पासवान, बादल महतो तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हजारीबाग और बिहार सीमा से जुड़े क्षेत्रों में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read Also- PLFI का ऑपरेशन दहशत फेल, 2 उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment