
लातेहार: लातेहार में PLFI कमांडर के निर्देश पर हथियारों के साथ दहशत फैलाने निकले दो उग्रवादियों को जिले की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी से उग्रवादियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई है। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान संजय सिंह और मोहम्मद शहजाद के रूप में हुई है। ये दोनों पड़ोसी जिले लोहरदगा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को एक गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के कुछ उग्रवादी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर चंदवा के रास्ते बालूमाथ की तरफ आ रहे हैं। उनका मकसद इलाके में लेवी वसूलना और दहशत कायम करने के लिए किसी हिंसक घटना अंजाम देना था। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर बालूमाथ डीएसपी उमेश कुमार सिंह की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालूमाथ थाना क्षेत्र के मकइयाटांड़ पुलिस पिकेट के पास नाकेबंदी और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस को देख भागने की कोशिश की
चेकिंग के दौरान चंदवा की ओर से आती एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। जब पुलिस जवानों ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार दोनों युवक घबरा गए और गाड़ी मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।तलाशी लेने पर उनके पास से एक देसी पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा, जिस बाइक पर वे सवार थे, जांच में वह भी चोरी की पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि वे PLFI संगठन से जुड़े हैं और अपने कमांडर बादल के कहने पर बालूमाथ और बरियातू इलाके में वारदात करने आए थे।
इस छापेमारी अभियान में डीएसपी उमेश कुमार सिंह के साथ बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार, बरियातू थाना प्रभारी रंजन पासवान, सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार और अभिमन्यु कुमार समेत पुलिस बल के कई जवानों की मुख्य भूमिका रही।

