
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत बरही थाना क्षेत्र के ओरपरता गांव में हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान ओरपरता निवासी स्व. किशुन यादव के 55 वर्षीय पुत्र बैद्यनाथ यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि बैद्यनाथ यादव गुरुवार को बकरी चराने घर से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद अनहोनी से आशंकित होकर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को सुबह में दोबारा खोजबीन शुरू हुई तो बुखरिया माय पहाड़ की तलहटी में उसका शव मिला। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में घूम रहे हाथियों के झुंड ने उसे कुचलकर मार डाला।
सूचना मिलते ही बरही थाना की पुलिस और वन विभाग की टीम शव के पास पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वन विभाग और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बैद्यनाथ यादव अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है। वह परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था।
घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। पूरे गांव में शोक का माहौल है। इधर बताया जा रहा है कि गुरुवार रात दुलमाहा गांव के औरया टोला में भी दो हाथियों ने दस्तक दी थी। हाथियों ने कलिंदर भुईयां के घर की खिड़की तोड़ दी और घर के बाहर रखा चावल खा लिया, वहीं अन्य सामान तितर-बितर कर दिया। वन विभाग की टीम लगातार हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी है। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथियों की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

