Home » Gumla News : हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ा नाबालिग छात्र, पुलिस व ग्रामीणों ने बचाई जान

Gumla News : हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ा नाबालिग छात्र, पुलिस व ग्रामीणों ने बचाई जान

by Rakesh Pandey
Gumla News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुमला : झारखंड के गुमला जिले में भरनो थाना क्षेत्र के बोडोटोली बगीचा के पास शुक्रवार को अहले सुबह एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्र हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश करने लगा। समय रहते पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता से छात्र की जान बच गई। उसे सुरक्षित नीचे उतारकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरनो पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना में घायल छात्र की पहचान मलगो बरटोली निवासी नंदू उरांव के 15 वर्षीय पुत्र मनीष उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनीष गुरुवार को शाम में ही घर से बिना किसी को बताए निकल गया था। वह बोडोटोली गांव की एक दुकान के पास देखा गया था। देर रात उसका एक मित्र उसे बोडोटोली बगीचा के पास छोड़कर चला गया, ताकि वह अपने घर लौट जाए। हालांकि मनीष घर नहीं गया और वहीं आसपास रुक गया।

शुक्रवार तड़के उसने बगीचा के पास हाईटेंशन बिजली टावर पर लगभग 15 फीट ऊपर चढ़ गया और गमछे के सहारे फांसी लगाने की कोशिश करने लगा। उसी समय स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास से उसे सुरक्षित नीचे उतारा। उस समय वह अचेत अवस्था में था।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।  मनीष ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Read Also- Hazaribagh Elephant Attack : हजारीबाग के बरही में हाथियों ने ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, पहाड़ की तलहटी में मिला शव

Related Articles

Leave a Comment