
चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देशानुसार आगामी 12 सितंबर 2026 को पुराना डीसी कार्यालय परिसर के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
भाजपा द्वारा यह कार्यक्रम पिछले दिनों छात्रों के आंदोलन के दौरान उन पर दर्ज किए गए मुकदमों को वापस नहीं लिए जाने के विरोध में आयोजित किया जा रहा है। भाजपा का कहना है कि अपनी जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने वाले छात्रों पर मुकदमा दर्ज करना उचित नहीं है। छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेते हुए सभी मुकदमे तत्काल वापस लेने चाहिए।
जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू ने कहा कि छात्र देश और समाज का भविष्य हैं। अपनी मांगों और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाना उनका अधिकार है। आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने के बजाय सरकार का रवैया हठधर्मिता वाला बना हुआ है। भाजपा छात्रों के साथ खड़ी है और उनके न्यायपूर्ण अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से उठाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा का धरना-प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से होगा। पार्टी की मांग है कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए सरकार बिना किसी पूर्वाग्रह के मुकदमों की समीक्षा करे और उन्हें अविलंब वापस ले।
भाजपा जिला अध्यक्ष ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं छात्र हितैषी नागरिकों से निर्धारित समय पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।
Read Also Chaibasa News : कोल्हान विश्वविद्यालय में स्व. सुदिव्य कुमार को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

