Home » Jamtara JTET Exam 2026 : कड़ी जांच के बाद 20 परीक्षा केंद्रों में 8756 अभ्यर्थियों को मिला प्रवेश, जमा करा लिए गए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स

Jamtara JTET Exam 2026 : कड़ी जांच के बाद 20 परीक्षा केंद्रों में 8756 अभ्यर्थियों को मिला प्रवेश, जमा करा लिए गए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स

जामताड़ा में कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा, महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए बनाए गए अलग कमरे

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamtara JTET Exam 2026
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamtara : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को लेकर रविवार सुबह से ही जामताड़ा जिले के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ने लगी। जिले के 20 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शुरू हुई। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 8756 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

सुबह 7:30 बजे से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों को कतारबद्ध कर प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की स्कैनिंग और फ्रिस्किंग की गई। जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति दी गई।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई है। महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की अलग व्यवस्था की गई है। जेबीसी और गर्ल्स स्कूल स्थित केंद्रों पर महिला अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए अलग कमरे बनाए गए हैं।

इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और बैग ले जाने पर रोक

जांच के दौरान परीक्षार्थियों को बेल्ट, लॉकेट, घड़ी, मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा स्कार्फ, टोपी, बैग और पर्स पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। सुरक्षा कर्मियों की ओर से प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की जा रही है।

दो पालियों में हो रही JTET परीक्षा

जामताड़ा जिले में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। वहीं दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। प्रशासन की ओर से परीक्षा के सफल संचालन के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

जिले के इन 20 केंद्रों पर हो रही परीक्षा

जेटेट परीक्षा के लिए जिले में सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल, संत जोसेफ इंग्लिश स्कूल, एडवर्ड इंग्लिश स्कूल, डीएन हाई स्कूल, संत एंथोनी स्कूल, इंटर महिला कॉलेज, ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी स्कूल मिहिजाम, जेबीसी डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स हाई स्कूल, गवर्नमेंट सेकेंडरी आदर्श स्कूल, गवर्नमेंट प्लस टू स्कूल मिहिजाम, प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल मिहिजाम, बेसिक स्कूल मिहिजाम, गवर्नमेंट प्लस टू स्कूल नारायणपुर, अपग्रेडेड हाई स्कूल पबिया, आरजीआरजी प्लस टू स्कूल करमाटांड़, अपग्रेडेड मिडिल स्कूल पिंडारी, मिडिल स्कूल झुमका देवी और सरस्वती विद्या मंदिर विद्यासागर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Comment