
Palamu : परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी करने बाहर जा रहा एक युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया। हादसा शनिवार की रात उस समय हुआ, जब वह एक व्यक्ति के साथ बाइक से डालटनगंज रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक पर सवार युवक और चालक दोनों घायल हो गए।
घायल युवक की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो केल्हार गांव निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई है। दिनेश के अनुसार, दुर्घटना के बाद बाइक चला रहा व्यक्ति उसे सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद दिनेश किसी तरह अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, उपचार के बाद उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह परिजन अस्पताल पहुंचे और अपनी देखरेख में उसका इलाज करा रहे हैं।
दिनेश ने बताया कि वह परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए मजदूरी करने बाहर जा रहा था, लेकिन सड़क हादसे के कारण उसकी यात्रा बीच में ही रुक गई। दुर्घटना के चलते वह अपने काम पर भी नहीं पहुंच सका।

