
Palamu : पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुधोध दीक्षित (38), मुकेश दीक्षित (26) और अभय दीक्षित (20) के रूप में हुई है। तीनों भदुमा गांव के निवासी हैं।
पलामू के एसपी कपिल चौधरी ने रविवार को पुलिस सभागार में पत्रकारों को बताया कि 31 अक्टूबर 2026 को पीड़िता ने उंटारी रोड थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, वह लकड़ाही गांव से हुसैनाबाद जा रही थी। इसी दौरान टोटो पर सवार तीन लोगों ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता के आवेदन पर उंटारी रोड थाना में कांड संख्या 55/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 और एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी विशेष टीम, तीनों गिरफ्तार
एसपी के निर्देश पर मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
दो टोटो और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर दो टोटो जब्त किए हैं। इनमें जेएच 03 एटी 7471 और जेएच 03 एवी 3393 नंबर के वाहन शामिल हैं। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपितों को एक नवंबर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में विश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल, पुलिस निरीक्षक सोनू कुमार चौधरी, उंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरि, सहायक अवर निरीक्षक साधुचरण दास और थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

