Home » Palamu News : जेटेट परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस जवान की SLR राइफल हो गई गायब, सोफे के नीचे से बरामदगी के बाद निलंबन की कार्रवाई शुरू

Palamu News : जेटेट परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस जवान की SLR राइफल हो गई गायब, सोफे के नीचे से बरामदगी के बाद निलंबन की कार्रवाई शुरू

हथियार गायब होने पर जवान ने सुनाई गाड़ी से चोरी की कहानी, घंटों की तलाश के बाद उसी घर में मिली राइफल; एसपी ने मांगी जांच रिपोर्ट

by Mujtaba Haider Rizvi
palamu news
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Palamu : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) की सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की गंभीर लापरवाही सामने आई है। मेदिनीनगर के रेडमा में ड्यूटी कर रहे जवान संजीव तिवारी की सरकारी एसएलआर राइफल अचानक गायब हो गई। काफी देर तक तलाश करने के बाद हथियार उसी मकान में सोफे के नीचे मिला, जहां जवान ठहरा हुआ था।

हैरानी की बात यह रही कि हथियार गायब होने पर जवान ने अधिकारियों को गाड़ी से चोरी होने की जानकारी दी थी। सरकारी हथियार गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। जवान को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगढ़ा ओपी में तैनात संजीव तिवारी की ड्यूटी जेटेट परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए मेदिनीनगर में लगाई गई थी। इस दौरान वह रेडमा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर रह रहा था। बताया जाता है कि जवान घर में सो रहा था। नींद खुलने पर उसे अपनी सरकारी एसएलआर राइफल नहीं मिली। इसके बाद उसने हथियार की तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

गाड़ी से चोरी होने की बताई थी कहानी

राइफल गायब होने के बाद जवान ने मेदिनीनगर टाउन थाना को इसकी जानकारी दी। उसने शुरुआती तौर पर अधिकारियों को बताया कि सरकारी हथियार गाड़ी में रखा हुआ था, जहां से चोरी हो गया। परीक्षा ड्यूटी के दौरान शहर के बीच से सरकारी हथियार चोरी होने की सूचना पर पुलिस अधिकारी और जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके बाद आसपास के इलाके और संबंधित मकान में तलाशी अभियान चलाया गया।

कई घंटे की तलाश के बाद सोफे के नीचे मिली SLR

पुलिस टीम ने काफी देर तक हथियार की तलाश की। इसी दौरान उसी मकान के अंदर सोफे के नीचे सरकारी एसएलआर राइफल सुरक्षित बरामद हो गई, जहां जवान ठहरा हुआ था। हथियार मिलने के बाद गाड़ी से चोरी होने की बताई गई कहानी पर भी सवाल खड़े हो गए। पूरे मामले में जवान की लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है।

मेडिकल जांच भी कराई जा रही, विभागीय कार्रवाई तय

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बिश्रामपुर एसडीपीओ से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। जवान को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि हथियार सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

जवान मूल रूप से चैनपुर का रहने वाला है। उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है, ताकि घटना के समय उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके। एसपी ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी में इस तरह की लापरवाही बरतने पर संबंधित जवान के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Read also Jamtara JTET Exam 2026 : कड़ी जांच के बाद 20 परीक्षा केंद्रों में 8756 अभ्यर्थियों को मिला प्रवेश, जमा करा लिए गए इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स

Related Articles

Leave a Comment