जमशेदपुर : शहर के गोलमुरी व टेल्को क्षेत्र में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री के खिलाफ शनिवार को छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर की गई, जिसका मुख्य उद्देश्य निजी स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री को रोकना था।
जब्त किए गए तंबाकू, गुटखा और सिगरेट
कार्यपालक दण्डाधिकारी सुदीप्त राज और खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मंजर हुसैन के नेतृत्व में गोलमुरी और टेल्को क्षेत्र के प्रमुख स्कूलों और कॉलेजों के पास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नजर रखी गई। केरला पब्लिक स्कूल, एबीएम कॉलेज और लिटल फ्लॉवर स्कूल के पास स्थित दुकानों पर जांच अभियान चलाया गया। जांच में पाया गया कि इन दुकानों पर सिगरेट, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पाद अवैध रूप से बेचे जा रहे थे।
जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
जांच दल ने नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच दुकानदारों पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा, तंबाकू और सिगरेट के पैकेट जब्त कर लिए गए। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में स्कूलों और कॉलेजों के नजदीक तंबाकू उत्पादों की बिक्री की जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

