
Jamshedpur : टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के नवनियुक्त इमरजेंसी ऑफिसर सह क्षेत्रीय प्रबंधक नीतीश कुमार का सोमवार को स्वागत किया गया। इस मौके पर रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद आयोजित बैठक में विभाग की मौजूदा गतिविधियों की समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई।
पूर्व इमरजेंसी ऑफिसर सह क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ के स्थानांतरण के बाद नीतीश कुमार को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। बैठक में संतोष कुमार ने रेल सिविल डिफेंस की ओर से चलाए जा रहे आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, बचाव कार्यों और जन-जागरूकता अभियानों की जानकारी दी।
बैठक में इन गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा रेलकर्मियों एवं आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। विभाग का उद्देश्य आपदा के समय बचाव कार्यों को बेहतर बनाना और लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
संतोष कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार इससे पहले गुजरात कैडर में एडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव से रेल सिविल डिफेंस के कामकाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उनके नेतृत्व में आपदा प्रबंधन, सुरक्षा जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
इस अवसर पर सहायक सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर कल्याण कुमार साहू, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, अनामिका मंडल, गीता कुमारी, सरस्वती मुर्मू, पी. हरि बाबू और प्रशांत कुमार समेत अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। सभी ने नए अधिकारी का स्वागत करते हुए विभागीय गतिविधियों को बेहतर बनाने में सहयोग देने की बात कही।
Read also – The photon News : न्युवोको के दस साल बेमिसाल, विकास और नवाचार के सफर का जश्न

