
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सुबह में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। घायल अपराधी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देखकर अपराधी भागने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन नहीं रुकने पर जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार एवं एसडीपीओ अमित आनंद मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अपराधी केरेडारी और बड़कागांव क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान और पूरे मामले की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं की गई है। पुलिस गिरोह के अन्य अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा विस्तृत जानकारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर साझा की जाएगी।

