
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में टिनप्लेट सब्जी मार्केट में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने रंगदारी नहीं मिलने पर दुकानदार को डराने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार, कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
दो हिस्ट्रीशीटर सहित तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त में
पुलिस ने मामले में गोलमुरी चर्च के पीछे रामदेव बगान निवासी करण सिंह उर्फ जसकरण सिंह, गोलमुरी टुइलाडुंगरी के बजरंगनगर निवासी मनदीप सिंह तथा गाढ़ाबासा निवासी रोमी सिंह उर्फ सरदार को गिरफ्तार किया है।
गोलमुरी फायरिंग मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर सिटी पुलिस ललित मीणा ने बताया कि 18 जुलाई की शाम गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टिनप्लेट सब्जी मार्केट में फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में गोलमुरी थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचना और लगातार की गई छापेमारी के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रंगदारी नहीं मिलने पर चलाई थी गोली
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपियों ने दुकानदार से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। जब रंगदारी की रकम नहीं मिली तो दुकानदार और आसपास के व्यापारियों में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने भी स्वीकार किया कि उन्होंने रंगदारी वसूलने और कारोबारियों को डराने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार करण सिंह और मनदीप सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है तथा दोनों पहले भी विभिन्न मामलों में आरोपी रह चुके हैं। पुलिस इनके पुराने मामलों की भी जांच कर रही है।
देसी कट्टा, कारतूस और बाइक बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दो देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद हथियारों को जब्त कर जांच के लिए भेजा गया है।

