RANCHI: राजधानी रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 700 किलो अफीम-डोडा बरामद किया है। यह खेप जंगल में छिपाकर रखी गई थी, जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है। वहीं तस्कर पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार रुगड़ी मोड़ के पास कदमडीह इलाके में पहाड़ी की तलहटी स्थित जंगल में तस्करों ने 21 बोरा डोडा गड्ढे में छिपाकर रखा था। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी करते हुए सभी बोरे बरामद कर लिए। जब्त डोडा का कुल वजन लगभग सात क्विंटल बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
बुंडू डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर जंगल का फायदा उठाकर नशीले पदार्थों का भंडारण कर रहे हैं। इसी आधार पर एक विशेष टीम गठित की गई और उनके नेतृत्व में छापेमारी की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्करों को भनक लग गई और वे घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

