चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड के बोड़दा-बाईड़ीह गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देवर ने अपनी भाभी के सिर पर क्रिकेट बैट से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने आरोपी देवर दिलीप हेंब्रम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार बोड़दा-बाईड़ीह गांव निवासी दिलीप हेंब्रम का अपनी भाभी चांबी हेंब्रम से कुछ दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। गुरुवार की सुबह दिलीप नशे की हालत में उठा और गुस्से में आकर भाभी के सिर पर क्रिकेट बैट से वार कर दिया। हमले में चांबी हेंब्रम गंभीर रूप से घायल हो गई।

छापामारी दल गठित कर पुलिस ने दबोचा
घटना के बाद घायल चांबी हेंब्रम ने चक्रधरपुर थाना में देवर दिलीप हेंब्रम के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन पर तत्काल छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी दिलीप हेंब्रम को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी के खिलाफ चक्रधरपुर थाने में 30 अप्रैल 2026 को बीएनएस-2023 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने शनिवार को आरोपी दिलीप हेंब्रम को न्यायिक हिरासत में चाईबासा जेल भेज दिया। थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने कहा कि घरेलू हिंसा के मामलों में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील है कि विवाद को बातचीत से सुलझाएं। हिंसा का रास्ता न अपनाएं। घायल महिला का इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

