
Jamshedpur : गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित कैनरा बैंक में 24 सितंबर को हुई डकैती के मामले में जमशेदपुर पुलिस ने फरार पांच अपराधियों की तस्वीरें जारी कर दी हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने सभी आरोपियों की तस्वीर जारी करते हुए उनकी जानकारी आम लोगों से मांगी है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को पांच अज्ञात अपराधियों ने कैनरा बैंक में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। मामले में गोलमुरी थाना कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
जमशेदपुर पुलिस ने बताया कि वारदात में शामिल सभी पांच अपराधी फिलहाल फरार हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वे लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं और छिपकर रह रहे हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस ने फरार प्रत्येक अपराधी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। यानी पांचों अपराधियों के संबंध में उपयोगी सूचना देने पर अलग-अलग दो-दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि जारी तस्वीरों में दिख रहे किसी अपराधी के बारे में कोई जानकारी मिलती है या उनके ठिकाने का पता चलता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना देने के लिए संपर्क नंबर
- वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम : 9431706480
- पुलिस अधीक्षक (नगर), पूर्वी सिंहभूम : 9471190203
- पुलिस उपाधीक्षक (नगर) : 9431706483
- थाना प्रभारी, गोलमुरी : 9431706494

