चाईबासा : मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार के मार्गदर्शन में सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल पदाधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं का मैपिंग और सत्यापन कर रहे हैं।

Chaibasa News
अब तक 8.68 लाख मतदाताओं की मैपिंग
जिले के अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार कुल 10,84,390 मतदाताओं में से 8,68,566 मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग कार्य पूरा कर लिया गया है। यह कुल मतदाताओं का 80.10 प्रतिशत है। अभी 2,15,824 मतदाता अनमैप्ड हैं, जो 19.90 प्रतिशत है। पूर्व दिवस की तुलना में मतदाता मैपिंग प्रतिशत में 0.73 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मझगांव विधानसभा सबसे आगे
विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा में 53-मझगांव विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 82.21 प्रतिशत मैपिंग हुई है। चक्रधरपुर में 80.98 प्रतिशत, चाईबासा में 79.96 प्रतिशत, जगन्नाथपुर में 79.10 प्रतिशत और मनोहरपुर में 78.23 प्रतिशत मैपिंग कार्य संपन्न हुआ है।
दोहरी प्रविष्टि और मृत मतदाताओं की हो रही पहचान
बीएलओ प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करते हुए नाम, पता, परिवार संबंधी विवरण का मिलान कर रहे हैं। साथ ही स्थानांतरित, मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं की पहचान कर विवरण अद्यतन किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया है कि शेष बचे मतदाताओं का प्राथमिकता के आधार पर सत्यापन करें। घर पर नहीं मिलने वाले मतदाताओं से पुनः संपर्क कर जानकारी ली जाए।
उपायुक्त की मतदाताओं से अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही रूप में दर्ज होना जरूरी है। उन्होंने मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग देने और त्रुटि होने पर समय रहते कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे। प्रशासन द्वारा कार्य की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।

