Jamshedpur : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-2 निवासी 19 वर्षीय निहाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं डीएसपी सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी पहचान निहाल कुमार गुप्ता के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी पिस्तौल और उसमें लगा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने तथा डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही ।
Read also Jamshedpur Knife Crime: टेल्को में ईंट-बालू कारोबारी के गले पर चाकू से हमला, जांच में जुटी पुलिस

