Jamshedpur : जमशेदपुर के टेल्को में शनिवार को ईंट बालू कारोबारी केबल टाउन के रहने वाले सुजीत झा पर चाकू से हमला हुआ है। इस हमले में सुजीत झा की गर्दन जख्मी हो गई है। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। यहां उनका इलाज हुआ।
सुजीत झा ने बताया कि वह अपने बालू के स्टॉक पर पहुंचे हुए थे। तभी बुलेट बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और धमकाते हुए बोले की आजकल बहुत पैसा कमा रहे हो। इसके बाद दोनों ने उन्हें पकड़ लिया और गले पर चाकू रखकर धमकी दी। सुजीत झा ने इसका विरोध किया। तभी छीना झपटी में चाकू उनके गले में लग गया और खून निकलने लगा। सुजीत झा के घायल होने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए। सुजीत झा ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है।
सुजीत झा ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने उनसे किसी तरह की रंगदारी नहीं मांगी है। घटना के बाद कारोबारी में डर का माहौल बन गया है। पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों की पहचान में जुट गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। ताकि, पता लगाया जा सके कि घटनास्थल तक कौन से बदमाश बुलेट पर सवार होकर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

