
जमशेदपुर : बिष्टुपुर के डबल डाउन बार में शनिवार को हुए जानलेवा हमले में हिमांशु सिंह के बाद उसके दोस्त प्रत्यूष की भी मौत होने की खबर आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उसका इलाज कोलकाता में चल रहा है।
इसे लेकर धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने बुधवार को पूरे क्षेत्र में निषेध आजा लागू कर दी है। एसडीओ द्वारा बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि डबल डाउन बार में हुई घटना को लेकर साकची, बिस्टुपुर, कदमा, मानगो, एमजीएम आदि क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन, जनसभा आदि किए जाने की सूचना मिली है। इससे इस क्षेत्र के शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका है। इसे देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा- 163 के तहत पूरे धालभूम अनुमंडल क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इस दौरान किसी भी जनसभा, प्रदर्शन, सड़क जाम आदि किए जाने पर अनुमंडल प्रशासन प्रदर्शनकारियों पर कड़ी कॉलोनी कार्रवाई करेगा।
यहां बता दें कि इस कांड को लेकर देर रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश पर पूर्वी सिंहभूम जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय और सरायकेला-खरसावां जिले की एसपी निधि द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करते हुए राज्य मुख्यालय में योगदान देने को कहा गया है।
हिमांशु का कराया गया पोस्टमार्टम
इस घटना में हिमांशु सिंह का पोस्टमार्टम मंगलवार को उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर कराया गया। इस मौके पर हिमांशु सिंह के परिजन उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने शव लेने से भी इनकार कर दिया है। सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित हरिओम नगर निवासी हिमांशु के पिता अरविंद सिंह ने अंतिम संस्कार करने से भी मना कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक हत्याकांड के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी या एनकाउंटर नहीं किया जाएगा, वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसे लेकर माहौल गरमा गया है।
इसी मुद्दे को लेकर जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने बुधवार को शाम 4:00 बजे बिष्टुपुर स्थित मिलनी सभागार में एक सभा बुलाई है। वे जमशेदपुर की शांति व्यवस्था को लेकर शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक करने वाले हैं।
उधर विश्व हिंदू परिषद ने भी मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में इसी मुद्दे पर प्रेस वार्ता बुलाई थी। इसमें घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और कड़ी सजा देने की मांग रखी।

