
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर-2 में रोड नंबर 13 स्थित प्रेम ज्वेलर्स के संचालक प्रेम चंद्र वर्मा पर मंगलवार को दिनदहाड़े चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दो बदमाश दुकान पर पहुंचे और कारोबारी से रंगदारी की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया। सर पर दो जगह चोट लगी है। इसके अलावा हाथ में और पीठ के पास घाव हुआ है। सर पर एक बड़ा घाव है, जिस पर 36 टांके लगे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्रेमचंद वर्मा ने हमलावर को पकड़ लिया और नहीं छोड़ा। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हमले में ज्वेलर्स संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), जमशेदपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला रंगदारी से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

