Home » Jamshedpur News : झारखंड की बेटियों ने बंगाल क्लब को 2-1 से दी मात

Jamshedpur News : झारखंड की बेटियों ने बंगाल क्लब को 2-1 से दी मात

प्रदर्शनी मैच में दिखा रोमांचक मुकाबला, स्वप्ना सोय और जिया बारी ने दागे गोल

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर वूमेन फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में बिरसानगर स्थित ऐतिहासिक गुड़िया मैदान में झारखंड और पश्चिम बंगाल की महिला फुटबॉल टीमों के बीच प्रदर्शनी मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में झारखंड की लड़कियों ने पश्चिम बंगाल की क्लब टीम को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। मैच का उद्घाटन वूमेन फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट डीडी त्रिपाठी ने गेंद को किक मारकर किया।

झारखंड की टीम ने दिखाया आक्रामक खेल

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले के सातवें मिनट में पश्चिम बंगाल की टीम ने गोल कर बढ़त बना ली। इसके बाद झारखंड की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। फ्री-किक पर स्वप्ना सोय ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। पहले हाफ के समाप्त होने से ठीक पहले जिया बारी ने कॉर्नर से मिले अवसर को गोल में तब्दील कर झारखंड को 2-1 की बढ़त दिला दी। यही गोल अंततः निर्णायक साबित हुआ।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के लिए लगातार संघर्ष किया, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली। अंततः झारखंड ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम किया।

अवसर मिलने पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाएंगी बेटियां

डीडी त्रिपाठी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य झारखंड की लड़कियों के बीच फुटबॉल को लोकप्रिय बनाना और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि झारखंड की हॉकी और क्रिकेट में मजबूत पहचान है, लेकिन फुटबॉल में अभी उस स्तर की भागीदारी नहीं है। इस मैच में झारखंड की टीम ने पूर्ण रूप से प्रशिक्षित बंगाल क्लब टीम को हराकर साबित किया है कि बेहतर अवसर और प्रशिक्षण मिलने पर यहां की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती हैं।

 झारखंड टीम के खिलाड़ियों को मिला ट्रॉफी व मोमेंटो

उन्होंने अभिभावकों से अपनी बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। कार्यक्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने विजेता झारखंड टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी व विजेता मोमेंटो प्रदान किया।

मैच में रेफरी की भूमिका बेनू धर बुधराम ने निभाई। आयोजन को सफल बनाने में शाहिद, प्रेम कुमार राय, मधु राय, बिराट कुमार, जामताड़ा के दुबराज मंडल, आसनसोल के मितेन गोराई, चितरंजन के विक्रम, सविता पांडेय, इंद्रजीत कौर, मनप्रीत कौर, अरनब डे सहित अन्य लोगों का सहयोग रहा।

Related Articles