
जमशेदपुर : कोल्हान प्रमंडल की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था ‘जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी’ ने महिला सशक्तीकरण और तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीटेक (B.Tech) इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रक्रिया की घोषणा कर दी है। इस चार वर्षीय रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को आईटी क्षेत्र में बेहतर करियर बनाने का सुनहरा अवसर मिलेगा। विवि की ओर से बताया गया कि यह पाठ्यक्रम 4 वर्ष (8 सेमेस्टर) का होगा, जिसमें इस सत्र के लिए कुल सीटों की संख्या 60 निर्धारित की गई है।
फीस व योग्यता
तकनीकी शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए प्रति सेमेस्टर शुल्क मात्र 35,000 रुपये तय किया गया है। आवेदन के लिए छात्राओं को इंटरमीडिएट (प्लस टू) स्तर पर विज्ञान संकाय में भौतिकी, रसायन विज्ञान और गणित (PCM) के साथ उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 55% अंक और आरक्षित वर्ग (ST/SC/OBC) के लिए 45% अंक आवश्यक हैं।
उपलब्ध आधुनिक सुविधाएं
यूनिवर्सिटी परिसर में छात्राओं के लिए सुरक्षित हॉस्टल, वाई-फाई सक्षम कैंपस, अत्याधुनिक कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और समृद्ध पुस्तकालय (Library) जैसी उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही, छात्राओं को करियर गाइडेंस और प्लेसमेंट सहायता भी प्रदान की जाएगी।
आवेदन प्रक्रिया
इस कोर्स में नामांकन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित ‘जेईई मेन्स’ (JEE MAINS) के स्कोर के आधार पर लिया जाएगा। इच्छुक छात्राएं झारखंड सरकार के आधिकारिक चांसलर पोर्टल (Chancellor Portal) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकती हैं। अधिक जानकारी या किसी भी तकनीकी सहायता के लिए यूनिवर्सिटी के हेल्पलाइन नंबर +91 87090 47090 पर संपर्क किया जा सकता है।
Read Also: Jharkhand : झारखंड पारा-मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, 15 जुलाई को अंतिम तिथि

