
चाईबासा : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पश्चिमी सिंहभूम जिले में गहन विशेष पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) के अंतर्गत मंगलवार से एन्यूमरेशन (Enumeration) चरण की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए प्रपत्रों को संग्रहित करेंगे।
उपायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
अभियान के पहले दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने सक्रियता दिखाते हुए श्री मारवाड़ी हिंदी मध्य विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय धोबी तालाब स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धरातल पर अभियान की प्रगति और की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों से निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली।उपयुक्त ने अब तक किए गए फॉर्म वितरण की वर्तमान स्थिति, भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक डैशबोर्ड पर की जा रही डेटा एंट्री, बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) के साथ आयोजित बैठकों की समीक्षा।

उपायुक्त ने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्यों को पूरी तरह से त्रुटिरहित और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
पारदर्शी लोकतंत्र के लिए अधिकारियों को दिलाई शपथ
इस विशेष अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रक्रिया को अत्यंत पारदर्शी, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों के बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करें। मतदाता एन्यूमरेशन फॉर्म को सही और पूरा भरकर निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करें, ताकि जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन (अपडेटेड) और त्रुटिरहित बनाया जा सके।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने गहन विशेष पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को एक सशक्त, निष्पक्ष और पारदर्शी लोकतंत्र के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कर्तव्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।
ये रहे उपस्थित
इस निरीक्षण और समीक्षा कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से उप निर्वाचन पदाधिकारी, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, सदर अंचलाधिकारी सहित चुनाव कार्य से जुड़े अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

