
बोकारो : झारखंड के बोकारो के समीप चास थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। चास थाने से कुछ दूरी पर स्थित महावीर चौक के पास दवा कारोबारी धरणीधर चंद्र के घर की खिड़की का राड उखाड़कर अंदर घुसे चोरों ने करीब 35 लाख रुपये के नकदी व जेवरात उड़ा लिए। धरणीधर चंद्र मंजू मेडिकल के नाम से दवा दुकान का संचालन करते हैं।
इस लाखों की चोरी की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हैरत की बात यह भी है कि जिस निचली मंजिल की खिड़की की रॉड को उखाड़कर चोर अंदर दाखिल हुए उसकी ऊपरी मंजिल पर दवा कारोबारी और उनकी पत्नी सो रहे थे लेकिन उन्हें चोरी की घटना के समय भनक नहीं लग सकी। शुक्रवार देर रात हुई चोरी की इस घटना के बारे में शनिवार सुबह जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचन दी गई। चास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
देर रात दो से तीन बजे के बीच घटना को दिया अंजाम
चोरी की इस घटना के संबंध में दवा कारोबारी धरणीधर चंद्र ने बताया कि उनकी पत्नी मंजू चंद्र की तबीयत खराब है। इसी कारण दोनों निचली मंजिल के कमरे में नहीं सोकर वह घर की पहली मंजिल के कमरे में सो रहे थे। उनका कहना है कि शुक्रवार की रात करीब दो से तीन बजे के बीच चोरों ने निचली मंजिल की दक्षिण दिशा की ओर खुलनेवाली खिड़की का राड उखाड़ दिया। राड उखाड़ने के बाद अंदर घुसने लायक जगह बनाई और घर के अंदर घुस गए। चोरों ने घर के कमरों को खंगालने के बाद नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा लिए। सुबह उठने पर वे लोग यह देखकर चकित रह गए कि घर के सभी ताले सुरक्षित हैं, लेकिन सामान जहां-तहां बिखरा पड़ा है। इसके बाद खिड़की पर नजर गई तो देखा कि उसका राड उखड़ा हुआ था। तब उनकी समझ में आया कि चोर अपना काम कर गए हैं।
घर के साथ-साथ दुकान को भी बनाया निशाना
चोरों ने धरणीधर के सिर्फ घर को ही नहीं, बल्कि उनकी दवा दुका मंजू मेडिकल स्टोर को भी निशाना बनाया। उनके अनुसार दुकान की बिक्री की करीब 20 हजार रुपये की नकदी और घर में रखे 35 हजार रुपये भी चोरी हुए। उन्होंने बताया कि बिजली बिल जमा करने के लिए उन्होंने रुपये रखे थे। परिवार के सदस्यों के सोने-चांदी के जेवरात भी चोर अपने साथ ले गए। उन्होंने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 35 से लाख रुपये होने का अनुमान लगाया है।
नशेड़ियों से परेशान हैं इलाके के लोग
जहां चोरी की घटना को अंजाम दिया गया उसके आसपास नशेड़ियों का जमावड़ा लगता है। धरणीधर ने पुलिस को बताया कि उनके घर के आसपास कुछ लोग अक्सर गांजा समेत अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करते हैं। कई बार नशे की हालत में लोग उनके घर पानी वगैरह मांगने चले आते हैं। पानी नहीं देने पर जान से मारने और अन्य प्रकार की धमकियां दी जाती हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। धरणीधर का बयान लेने के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू करदी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। साथ ही संदिग्धों लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
दो दिन पहले एसपी ने थानेदारों को लगाई थी फटकार
चोरी की इस घटना के दो दिन पूर्व ही पुलिस अधीक्षक ने सख्ती दिखाई थी। उन्होंने दो दिन पहले ही एसपी ने जिले के सभी थानेदारों को चोरी और गृहभेदन की घटनाओं को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी। साथ ही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने, पुराने मामलों का खुलासा करने और जेल से बाहर आए संदिग्धों के सत्यापन को लेकर आदेश दिए थे। इसके बावजूद थाना से कुछ दूरी पर हुई करीब 35 लाख रुपये की चोरी ने पुलिस की गश्ती और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इन सामान की हुई चोरी
दवा कारोबारी ने थाना को दिए आवेदन में बताया है कि उनके घर और दुकान से 55 हजार रुपये नकद, सोने की दो अंगूठियां, 10 ग्राम का सोने का ताबीज, करीब 25-25 ग्राम के दो हार, 25 ग्राम की सोने की चूड़ी, 20 ग्राम की चूड़ी, आठ-आठ ग्राम के सोने के लाकेट व मांग टीका, चांदी का बाला व कमरधुसनी समेत अन्य गहने व मोबाइल की चोरी हुई है।


