
Jamshedpur : झारखंड की औद्योगिक नगरी कहे जाने वाले जमशेदपुर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित टीआरएफ कंपनी के समीप देर रात एक ट्रक चालक पर हथियारबंद बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने चालक से मोबाइल और नकदी लूटने का प्रयास किया, लेकिन विरोध करने पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल चालक किसी तरह जान बचाकर भागा, जिसके बाद गश्ती पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, घायल ट्रक चालक जय प्रकाश रजक पश्चिम बंगाल के बीरग्राम का रहने वाला है। वह मुन्ना झा ट्रांसपोर्ट का ट्रक (ओडी 09 ए 3243) चलाता है। सोमवार देर रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच वह अपने ट्रक के पास मौजूद था। इसी दौरान एक वाहन से तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उनके हाथों में चापड़ और पिस्टल जैसे हथियार थे।
बदमाशों ने चालक से मोबाइल फोन और नकदी देने की मांग की। जब जय प्रकाश रजक ने विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बावजूद उसने हिम्मत दिखाई और वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल अवस्था में सड़क पर भाग रहे चालक पर गश्त कर रही बर्मामाइंस थाना पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में ट्रक चालक और ड्राइवर यूनियन के सदस्य बर्मामाइंस थाना पहुंचे। यूनियन की ओर से पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, रात के समय ट्रक चालकों की सुरक्षा बढ़ाने और इलाके में नियमित पुलिस गश्त की मांग की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है।

