
बोकारो: बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में नकली विदेशी शराब बनाने वाली अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। बोकारो पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में चार तस्करों को दबोच लिया गया है। वहीं 37 पेटी शराब भी बरामद की गई है। ब्रांडेड के नाम पर नकली शराब का कारोबार बहुत दिनों से चल रहा था। पुलिस ने पैकेजिंग सामग्री और उपकरण भी जब्त किए हैं।
अवैध विदेशी शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ रामगढ़ पुलिस तथा उत्पाद विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। इसमें एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया गया। कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मंगलवार को चंद्रपुरा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बेरमो के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने उत्पाद विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण और आपूर्ति के नेटवर्क का खुलासा किया।
सबसे पहले चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो पूर्वी बहियारटांड़ स्थित कामेश्वर कुमार के घर पर छापेमारी की गई। वहां से अवैध रूप से तैयार की जा रही विदेशी शराब, नकली पैकेजिंग सामग्री और शराब निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न उपकरण बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके सहयोगियों विनय कुमार, दिनेश प्रजापति और कृष्णा कुमार के ठिकानों पर भी छापेमारी की। जहां से बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई।
किस-किस ब्रांड की शराब
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 15 पेटी ब्लैक टाइगर व्हिस्की, 12 पेटी ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की, तीन-तीन पेटी मैकडॉवेल नंबर-1 और रॉयल चैलेंजर व्हिस्की, चार पेटी स्टर्लिंग रिजर्व बी-7, बड़ी संख्या में नकली ढक्कन, शराब की बोतलों पर लगाए जाने वाले रैपर एवं स्टीकर तथा पांच मोबाइल फोन जब्त किए। पुलिस का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग ब्रांडेड शराब के नाम पर नकली शराब तैयार कर बाजार में बेचने के लिए किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में कामेश्वर कुमार (33), विनय कुमार (32), दिनेश प्रजापति (41) और कृष्णा कुमार (19) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कामेश्वर कुमार के विरुद्ध पहले से भी अवैध शराब कारोबार समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस संबंध में चंद्रपुरा थाना में 30 जून 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और अवैध शराब की आपूर्ति श्रृंखला का पता लगाने में जुटी है।
एसडीपीओ ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त अभियान में चंद्रपुरा थाना प्रभारी विक्रम कुमार, दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार, बोकारो झरिया ओपी प्रभारी श्रीनिवास सिंह, उत्पाद विभाग के महेश कुमार दास, कुंदन कुमार पासवान सहित चंद्रपुरा, दुग्दा एवं बोकारो झरिया ओपी के पुलिस बल तथा उत्पाद विभाग की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बताया जाता है नकली शराब बनाकर अधिक कमाई करने के लिए इसे बिहार भेजी जाती है। अंतरराज्यीय तस्कर इसे ले जाकर वहां इसकी बिक्री करते हैं। बिहार में शराब बैन रहने के कारण वहां मनमानी कीमत मिल जाती है।

