
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अभियान चलाया गया। मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने सराईकेला मोड़ के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट, चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहनों के जरूरी कागजातों की बारीकी से जांच की। इसके साथ ही ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ (शराब पीकर वाहन चलाना) करने वालों को पकड़ने के लिए विशेष रूप से ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग किया गया। जांच के दौरान जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे पाए गए या जो लोग बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के मिले, उन पर नियम सम्मत जुर्माना लगाया गया।
एक वाहन जब्त, लगेगा 10 हजार का जुर्माना
कार्रवाई की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि चेकिंग के दौरान ड्रिंक एंड ड्राइव का एक मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन चालक का चालान काटा और गाड़ी को जब्त कर लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 10,000 रुपये के जुर्माने का प्रावधान है। इसके साथ ही दोषी चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त (कैंसल) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने की नियमों का पालन करने की अपील
मौके पर मौजूद थाना प्रभारी ने आम जनता से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने कहा कि लोग अपने वाहनों के सभी दस्तावेजों को हमेशा दुरुस्त रखें। रफ्तार पर नियंत्रण रखें, लापरवाही से वाहन न चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पूरी तरह पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

