Home » Jamshedpur News: बोड़ाम में महिला मरीज की मौत के तीन घंटे के बाद पहुंची एंबुलेंस, ग्रामीणों ने हंगामा कर वापस कर दी

Jamshedpur News: बोड़ाम में महिला मरीज की मौत के तीन घंटे के बाद पहुंची एंबुलेंस, ग्रामीणों ने हंगामा कर वापस कर दी

सांस की तकलीफ होने पर किया गया था फोन, लोगों ने उठाई बोड़ाम में एंबुलेंस रखने की मांग

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : बोड़ाम थाना क्षेत्र के पहाड़पुर पंचायत के डांगरडीह ग्राम में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की लचर हालत एक बार फिर सामने आई है। गांव के रहने वाले 54 वर्षीय बीमार महिला वेदनी बाला कुम्हार की समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण मौत हो गई।ग्रामीण तपन कुंभकार ने बताया कि गुरुवार को वेदनी बाला कुम्हार स्कूल मैदान में आयोजित दलमा आंचलिक सुरक्षा समिति के कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं।

कार्यक्रम के दौरान शाम करीब पांच बजे अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर वह घर लौट आईं।परिजनों ने फौरन 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। एंबुलेंस के डेढ़ घंटे के भीतर पहुंचने का भरोसा दिया गया। लेकिन, महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई। करीब दो घंटे बाद इलाज के अभाव में उन्होंने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। इसके करीब तीन घंटे बाद जब एंबुलेंस गांव पहुंची तो आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे लौटा दिया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने कहा कि बोड़ाम प्रखंड में एक भी स्थायी एंबुलेंस नहीं है। समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाने की वजह से एक महिला को अकाल मृत्यु का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और बोड़ाम प्रखंड के लिए एंबुलेंस की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

गौरतलब है कि साल 2021 में सांसद विद्युत वरण महतो ने पटमदा प्रखंड के लिए एक एंबुलेंस दी थी। अभी यह एंबुलेंस कहां है। इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। सवाल इस बात का है कि अगर पटमदा प्रखंड में एंबुलेंस थी तो वह बोड़ाम क्यों नहीं भेजी जा रही है।

Related Articles