चाईबासा : सिखों के दसवें गुरु गोविंद सिंह जी का 359वां प्रकाश उत्सव शनिवार को चक्रधरपुर गुरुद्वारा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा में विशेष अरदास के साथ सबद कीर्तन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर चक्रधरपुर गुरुसिंह सभा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पिछले 48 घंटों से चल रहा अखंड पाठ का समापन हुआ। जिसके बाद ज्ञानी शरबजीत सिंह के द्वारा सबद कीर्तन तथा अरदास किया गया।
वहीं कीर्तन सुनने को काफी संख्या में सिख समुदाय की महिला एवं पुरुष गुरुद्वारा पहुंचे थे। गुरुद्वारा में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। वहीं दोपहर में गुरुद्वारा परिसर में भव्य लंगर का आयोजन किया गया। जहां सैकड़ों लोगों ने लंगर का आनंद उठाया। गुरुद्वारा कमेटी के रिंकी छाबड़ा ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश उत्सव के अवसर पर चक्रधरपुर में पांच प्रभात फेरी निकाली गई। जबकि अखंड पाठ की सेवा खैरातीलाल छाबड़ा, माता कौशल्या रानी के परिवार के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरु सिंह सभा के अजीत सिंह, रमेश छाबड़ा, पप्पू छाबड़ा, सीटू छाबड़ा, सोनू सेठी सिंह, जसपाल सिंह, रिकी छाबड़ा, मोनू सिंह, प्रिंस सिंह, अनमोल सिंह, पीयूष छाबड़ा, तरनदीप सिंह, शरणदीप सिंह, सोनू कौर, मनजीत कौर, राजरानी सलूजा, मनजीत कौर, सोनू कौर, शरण कौर, रानी छाबड़ा, सिमी छाबड़ा, सीरत छाबड़ा, परमजीत कौर आदि का योगदान रहा।

