Jamshedpur : इस बीच जब से सोने की कीमतों में उछाल आया है, चोरों की निगाहें जेवरात पर गड़ गई हैं। चोर बंद घरों में अलमारी के लॉकर तक को निशाना बना रहे हैं। लौहनगरी में चोरों के हौसले इस कदर बढ़े हुए हैं कि दिनदहाड़े चोरी हो रही है और पुलिस रोक नहीं पा रही है। हालात यह है कि बैंक के लॉकर तक सुरक्षित नहीं हैं। यहां रखा सोना भी चोरों के हत्थे चढ़ जाता है।
घरों में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। आए दिन चोरी हो रही है। शायद ही कोई दिन हो जब ऐसी कोई घटना नहीं हो। इन घटनाओं की वजह से लोग दहशत में हैं। लोगों की गाढ़ी-कमाई चोर पार कर रहे हैं। पुलिस ने चोरी की कुछ बड़ी वारदातों का खुलासा कर लिया है। मगर, वह घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। कई ऐसी घटनाएं भी हैं जिनका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इससे लोगों में नाराजगी है। चोरों के अलावा, उचक्के भी सक्रिय हैं।
हालांकि, पुलिस चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में जुट जाती है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाल कर घटना का खुलासा कर दिया जाता है। मगर, कई घटनाएं ऐसी हैं जिनमें सीसीटीवी फुटेज नहीं मिल पाता। तकनीकी इनपुट नहीं मिल पाने की वजह से इन घटनाओं का पर्दाफाश नहीं हो पाता। इससे चोरों का मन बढ़ जाता है और वह अगली वारदात को अंजाम देने की प्लानिंग कर लेते हैं। सिटी एसपी कुमार शिवाशीष का कहना है कि पुलिस पूरी तरह चाक-चौबंद है। अधिकतर घटनाओं का फौरन खुलासा कर दिया जाता है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने से पहले भी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
हाल ही में हुई चोरी की बड़ी घटनाएं
- – 25 दिसंबर की रात टेल्को कॉलोनी निवासी टाटा मोटर्स के अधिकारी भानु प्रताप सिंह के यहां लगभग 25 लाख की चोरी
– 23 दिसंबर की रात चोरों ने गोविंदपुर के पटेल नगर में कृष्णा प्रसाद के घर को निशाना बनाया। चोर यहां से लगभग तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी पार कर ले गए हैं।
– 16 दिसंबर की रात चोरों ने बर्मामाइंस की दीपू बस्ती की रहने वाली राखी पात्रो के घर को निशाना बनाया था। यहां से चोर मोबाइल के साथ ही 12 हजार रुपये नकद पार कर ले गए थे।
– अगले ही रात 17 दिसंबर को चोरों ने टाटा स्टील कर्मी रामचंद्र दास के क्वार्टर को निशाना बनाया। यहां से चोर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पार कर ले गए। पुलिस अब तक इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
– 06 दिसंबर को चोरों ने कदमा के बीएच एरिया में दिनदहाड़े बासू के घर को निशाना बनाया। यहां से चोरों ने तकरीबन 15 लाख रुपये कीमत के गहने पार कर दिए थे। बासू घर में ताला बंद कर अपने बड़े पापा से मिलने गए थे। वहां से घर लौटे तो देखा कि ताला टूटा हुआ है और चोरों ने जेवरात पार कर दिए हैं।
– कदमा में ही चोरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने फार्म एरिया स्थित श्री श्री महावीर मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। हालांकि, पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
– 10 सितंबर को सोनारी में चोरों ने सोनिया वर्मा के घर पर धावा बोल कर यहां से लगभग 15 लाख रुपये कीमत के गहने पार कर दिए थे। यहां चोरी की घटना तब हुई जब सोनिया किसी काम से छत्तीसगढ़ गई थीं।

