RANCHI: संत जेवियर्स कॉलेज में शनिवार को मीडिया माइंड्स के लिए अभिनय विषय पर एक दिवसीय एक्टिंग, फिल्म मेकिंग सह सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन विभाग, एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो और समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। वर्कशॉप के दौरान आकाश दीप ने अभिनय की बारीकियों को व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने बॉडी लैंग्वेज, वॉइस मॉड्यूलेशन, एक्सप्रेशन, कैमरा फेसिंग, सीन क्रिएशन और स्टोरीलाइन डेवलपमेंट जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया। लाइव एक्टिंग ड्रिल्स और अभ्यास सत्रों के माध्यम से छात्रों ने न केवल सीखा बल्कि अपनी प्रतिभा को खुलकर प्रदर्शित भी किया।
छात्रों ने इंटरैक्टिव सेशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और इंडस्ट्री से जुड़े अनुभवों को करीब से समझा। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं आयोजकों ने बताया कि इस तरह के प्रोफेशनल वर्कशॉप छात्रों के कौशल विकास और करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को अभिनय और फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई दिशा, आत्मविश्वास और बेहतर अवसरों की समझ प्रदान की।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर उपस्थित रहे। उनके साथ उप-प्राचार्य अजय अरुण मिंज, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर डॉ.शिव कुमार, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. संजय सिन्हा और प्रो. बीके सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। कार्यक्रम के सफल संचालन में विभागाध्यक्ष डॉ. एस.के. कीरो, डॉ. नील कुसुम और आलोक रंजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के निर्देशक आकाश दीप और रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी ने विशेष योगदान दिया।
READ ALSO: http://West Singhbhum: मनीष कुमार ने संभाला पश्चिमी सिंहभूम के 135वें उपायुक्त का पदभार

