Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है।
घटना धातकीडीह के कुरैशी मोहल्ला की है, जहां स्थानीय निवासी सरफराज कुरैशी उर्फ गामा के आवेदन पर बिष्टुपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था। घटना की जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मो. इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वे शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे।
पुरानी रंजिश में हुई थी घटना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वादी और मुख्य आरोपी के बीच पहले से ही पुरानी दुश्मनी थी। घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी इमरान आजादनगर से हथियार लाकर सरफराज पर जानलेवा फायरिंग की। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, एक खोखा और बिना नंबर प्लेट की होंडा एसपी बाइक जब्त की है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। गोरा के ऊपर आर्म्स ऐक्ट समेत कई केस पहले से ही चल रहे हैं। यह घटना पुरानी रंजिश में हुई है। गोरा का सरफराज कुरैशी से पुराना विवाद था।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मो. इमरान उर्फ गोरे का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में जेल से बाहर आया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस छापेमारी अभियान में बिष्टुपुर और आजादनगर थाना की संयुक्त टीम शामिल रही।
Read also Palamu News: पलामू में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 4 की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

