Home » Dhanbad Murder: प्रेमिका ने होने वाले पति संग मिलकर कराई पुराने प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

Dhanbad Murder: प्रेमिका ने होने वाले पति संग मिलकर कराई पुराने प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी युवती को भेजा जेल, मंगेतर की तलाश जारी

by Mujtaba Haider Rizvi
Dhanbad Murder Case
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : धनबाद जिले के भौंरा ओपी क्षेत्र के कालीमेला दामोदर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास शेड में होरालाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी की गला रेतकर की गई नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। सिंदरी डीएसपी पीसी महतो ने गुरुवार को जोड़ापोखर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह हत्याकांड त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग का परिणाम है। मामले में मृतक की प्रेमिका झरिया कोयरीबांध निवासी कोमल वर्णवाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

डीएसपी के अनुसार कोमल और दिलशाद के बीच कई वर्षों से प्रेम संबंध था। इस बीच कोमल की शादी झरिया निवासी रोशन के साथ तय हो गई थी। शादी तय होने के बाद वह दिलशाद से दूरी बनाना चाहती थी। लेकिन दिलशाद इसका विरोध कर रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि दिलशाद कथित रूप से कोमल को पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा था, जिससे वह परेशान थी। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते कोमल ने अपने होने वाले पति रोशन के साथ मिलकर दिलशाद को कालीमेला श्मशान घाट के समीप बुलाया। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और फिर धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद दोनों फरार हो गए।

परिजनों का आरोप अन्य हत्यारों को बचा रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी पीसी महतो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ में कोमल ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू जीतपुर तिवारी बस्ती स्थित तालाब से तथा मृतक का मोबाइल फोन उसके कब्जे से बरामद किया। हालांकि पुलिस की जांच और खुलासे से मृतक के परिजन संतुष्ट नहीं हैं। गुरुवार को मृतक के परिजन और मोहल्लेवासियों ने जोड़ापोखर थाना के समक्ष प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की।

मृतक के भाई निषाद अंसारी और चाचा इरशाद अंसारी ने आरोप लगाया कि हत्या में केवल कोमल और रोशन ही नहीं बल्कि कई अन्य लोग भी शामिल थे। जिन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने एसएसपी से पूरे मामले की दोबारा गहन जांच कर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। इस सनसनीखेज हत्याकांड ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताते चले कि दिलशाद और कोमल दोनों की शादी अलग-अलग जगहों पर तय हो चुकी थी और घरों में तैयारियां चल रही थीं।

Read Also: Jmashedpur Traffic Checking : 10 हजार का चालान कटने के बाद एसएसपी ऑफिस के सामने कार में पी शराब, तीन महीने के लिए रद होगा लाइसेंस

Related Articles

Leave a Comment