Bokaro : बोकारो-रांची रेलखंड पर राधानगर आउटर सिग्नल के समीप बुधवार की देर रात तीन युवकों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक से तीनों के शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची । घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब नौ किलोमीटर दूर राधानगर पंचायत के लावाटांड़ क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार तीनों युवकों की उम्र 18 से 21 वर्ष के बीच है। मृतकों में से एक की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर बबलू सोरेन के रूप में हुई है।
वह गोमिया प्रखंड के मड़वाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया गया है। दूसरे युवक का नाम दीपक सोरेन बताया जा रहा है, जबकि तीसरे युवक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के समीप एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका
शव अलग-अलग स्थानों पर पड़े थे। एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर, दूसरा ट्रैक के किनारे तथा तीसरा कुछ दूरी पर मिला। एक युवक के सिर में गंभीर चोट थी, दूसरे की कलाई कटी हुई थी, जबकि तीसरे युवक के शरीर पर बाहरी चोट कम होने के बावजूद अंदरूनी चोट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तीनों युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर परिजनों का इंतजार कर रही है।
Read Also- Koderma Murder : जमीन विवाद में विधायक के चालक की हत्या, थाना के सामने शव रखकर सड़क की गई जाम

