Chaibasa : झारखंड में हब्बा डब्बा खेल पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद बंदगांव साप्ताहिक हाट बाजार में बुधवार को चोरी छिपे यह खेल संचालित हो रहा था। सूचना मिलते ही बंदगांव पुलिस ने दल बल के साथ छापेमारी की। पुलिस को देखकर खेल संचालक और खिलाड़ी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बंदगांव में साप्ताहिक हाट लगता है। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपने उत्पाद बेचने और खरीदारी करने आते हैं। इसी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोग हब्बा डब्बा का खेल चला रहे थे। चंद पैसों को दोगुना करने के लालच में कई ग्रामीण अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़
बुधवार को भी हाट में हब्बा डब्बा का खेल चलने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही बंदगांव थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस वैन को देखते ही खेल में शामिल लोगों में भगदड़ मच गई। सभी आरोपी सामान छोड़कर इधर उधर भाग निकले। पुलिस ने किसी को भी मौके से गिरफ्तार नहीं किया।
गोटी और सामान जब्त
पुलिस ने मौके से हब्बा डब्बा की गोटी और खेल में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान को जब्त कर लिया। सभी सामान को कब्जे में लेकर थाना लाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी।
थाना प्रभारी ने बताया कि हब्बा डब्बा पूरी तरह प्रतिबंधित है। यह गरीब ग्रामीणों को ठगने का जरिया है। जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे अवैध खेलों से दूर रहें और इसकी सूचना तुरंत थाना को दें।

