पलामू : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक युवक के माइंस के गहरे जलभराव वाले गड्ढे में डूब जाने की आशंका से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सोहया पहाड़ स्थित दमदमी गांव के समीप की है। युवक के लापता होने के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लगातार खोजबीन की जा रही है।
गौरतलब है कि पतरा खुर्द गांव निवासी सत्येन्द्र प्रसाद के 24 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार बुधवार को माइंस क्षेत्र में बने गहरे पानी से भरे गड्ढे के पास गए थे। बताया जा रहा है कि वह पानी में उतरे थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद उनके डूबने की आशंका जताई गई और घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कराई। गहरे जलभराव और कठिन परिस्थितियों के कारण राहत एवं खोज अभियान में कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन कार्य के बाद बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से यह इलाका लंबे समय से दुर्घटना की आशंका वाला क्षेत्र बना हुआ है। ग्रामीणों ने कई बार सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की थी, लेकिन पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि माइंस क्षेत्र में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से युवक की तलाश जारी है। प्रशासन का कहना है कि युवक की खोज के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। खोज अभियान पूरा होने और युवक के मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Read Also: Chaibasa News: रांची से चाईबासा जेल शिफ्ट होगी गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया

