Chaibasa : कोल्हान विश्वविद्यालय स्नातक में एडमिशन लेने वाले छात्रों को बड़ी राहत देने जा रहा है। इसके तहत विवि ने स्नातक (यूजी) में नामांकन हेतु आवेदन शुल्क को ₹100 से घटाकर प्रति विषय प्रति महाविद्यालय ₹25 करने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों में विभिन्न विषयों के लिए निर्धारित सीटों की संख्या को ध्यान में रखते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता की पहल पर आवेदन शुल्क में 75 प्रतिशत की उल्लेखनीय कटौती की गई है।
इस निर्णय से विद्यार्थियों को अपनी पसंद के विषयों में प्रवेश पाने के लिए अधिक संख्या में महाविद्यालयों में आवेदन करने का अवसर मिलेगा तथा उन पर आर्थिक बोझ भी कम होगा। यह निर्णय बुधवार को कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में आयोजित शैक्षणिक परिषद (एकेडमिक काउंसिल) की 44वीं बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने की। बैठक में विद्यार्थियों के हित, नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
शैक्षणिक परिषद के सदस्यों, अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों एवं विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के हित में लिए गए इन निर्णयों का स्वागत किया। बैठक विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध वातावरण तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
दो वर्षीय पीजी कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनर्स की अनिवार्यता समाप्त
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रथम सेमेस्टर से लेकर छठे सेमेस्टर तक उत्तीर्ण सभी विद्यार्थी स्नातकोत्तर (पीजी) सत्र 2025-27 में नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। साथ ही द्विवर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनर्स की अनिवार्यता समाप्त करने का निर्णय लिया गया, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सकेगा।
समय पर अपने प्रमाणपत्रों को बनवा लें आरक्षित वर्ग के छात्र
शैक्षणिक परिषद द्वारा सभी संबद्ध एवं अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों के माध्यम से यह भी सलाह जारी की गई कि शैक्षणिक सत्र 2025-30 में नामांकन के इच्छुक आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) एवं आरक्षण श्रेणी (एससी/एसटी/ओबीसी) के विद्यार्थी समय रहते अपने आवासीय, आय एवं जाति प्रमाण-पत्र तैयार रखें। परिषद ने स्पष्ट किया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाले सभी प्रमाण-पत्र झारखंड सरकार के सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत एवं वैध होने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को नामांकन के समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
सभी कॉलेजों को यूजी व पीजी नामांकन के लिए तैयार रहने का निर्देश, एक दो दिन में जारी होगा नोटिफिकेशन
- शैक्षणिक सत्र 2026-30 के लिए स्नातक नामांकन प्रक्रिया चर्चा की गयी
- सेमेस्टर-3 एवं सेमेस्टर-5 के प्रवेश दिशा-निर्देशों पर विचार-विमर्श
- पीजी सत्र 2025-27 में प्रवेश संबंधी विषयों की समीक्षा
- वर्ष 2020 के नियमों के तहत विषयों की कोडिंग पर महत्वपूर्ण निर्णय
- 42वीं एवं 43वीं शैक्षणिक परिषद की कार्यवाही की पुष्टि
- परिषद के अनुपालन प्रतिवेदन को अनुमोदन
- नई शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा
Read Also: Jharkhand Education : सरकारी व सहायता प्राप्त स्कूलों में निश्शुल्क बंटेंगी कापियां

