जमशेदपुर : टाटा स्टील के संयंत्र परिसर में चोरी की एक बड़ी साजिश को सुरक्षा विभाग ने समय रहते विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कंपनी की सुरक्षा टीम ने मंगलवार रात विशेष निगरानी अभियान चलाया और कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपित कंपनी के बहुमूल्य सामान की चोरी की योजना बना रहे थे, लेकिन सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता के कारण उनकी मंशा पूरी नहीं हो सकी।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में जुगसलाई निवासी मोहम्मद बाबू और मोहम्मद इरशाद शामिल हैं। तीसरे आरोपित की पहचान और उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद संयंत्र परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी दौरान तीनों को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा गया।गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा विभाग ने आरोपितों से पूछताछ की, जिसमें चोरी की साजिश से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
इसके बाद तीनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया।बिष्टुपुर थाना प्रभारी अशोक दुबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साजिश में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं थी।
Read also – Jamshedpur Murder : सोनारी में दारू के नशे में झगड़े के बाद युवक ने बड़े भाई की रॉड मार कर की हत्या

