Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल मुक्तेश्वर धाम हरिणा में आयोजित होने वाले पारंपरिक हरिणा मेला के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय में विधायक संजीव सरदार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों और मेला समिति के सदस्यों ने भाग लिया।बैठक में मेला के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल और बिजली व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक संजीव सरदार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
ग्रामीणों की मांग पर शराब और बूगी-बूगी डांस पर रोक
बैठक के दौरान हरिणा गांव के ग्रामीणों ने मेला परिसर में शराब बिक्री और बूगी-बूगी डांस कार्यक्रमों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि इन गतिविधियों के कारण हर वर्ष विवाद और अशांति की स्थिति उत्पन्न होती है।
इस पर विधायक ने प्रशासन को मेला क्षेत्र में पूर्ण शराबबंदी लागू करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
तीन राज्यों से पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु
विधायक संजीव सरदार ने बताया कि 15 जून से शुरू होने वाला हरिणा मेला झारखंड, ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। रोजो संक्रांति के अवसर पर लगने वाले इस मेले में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिणा को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और मेला को राजकीय दर्जा दिलाने की दिशा में भी काम चल रहा है।
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर विशेष निर्देश
बैठक में विधायक ने मेला के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था, पार्किंग स्थल का निर्धारण और 24 घंटे स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली एवं सुरक्षा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन स्थिति को देखते हुए मेला मार्ग को चौड़ा रखने, बाइक स्टंट और रैश ड्राइविंग पर रोक लगाने तथा मनचलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
4 जून को होगी अंतिम रणनीति पर बैठक
बैठक के बाद मुसाबनी डीएसपी रोहित कुमार राजवार ने कहा कि प्रशासन मेला के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप मेला क्षेत्र में पूर्ण शराबबंदी लागू रहेगी। साथ ही बाइक स्टंट और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 4 जून को एक और बैठक कर सुरक्षा एवं संचालन की अंतिम रणनीति तय की जाएगी।
Read also – Jamshedpur Murder : सोनारी में दारू के नशे में झगड़े के बाद युवक ने बड़े भाई की रॉड मार कर की हत्या

