Dhanbad : सरकारी और गैर-सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत स्कूल किट योजना के अंतर्गत राज्य के सरकारी विद्यालयों की पहली से 12वीं में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क नोटबुक (कापी) वितरित की जाएगी। इसके साथ ही गैर-सरकारी सहायता प्राप्त वित्त सहित अल्पसंख्यक माध्यमिक विद्यालयों, मदरसा और संस्कृत विद्यालयों में नौवीं एवं दसवीं में नामांकित सभी छात्र-छात्राओं को भी इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन की ओर से डीईओ अभिषेक झा को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार मुद्रित नोटबुक की आपूर्ति प्रखंड स्तर पर शुरू कर दी गई है। इस बात पर विशेष जोर दिया है कि आपूर्ति के दौरान किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाए।
पत्र के अनुसार मुद्रक या आपूर्तिकर्ता सभी कक्षाओं की कापियां सीधे प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) या चयनित भंडारण स्थल तक पहुंचाई जाएंगी। प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को भंडारण स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने का दायित्व सौंपा गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या नुकसान से बचा जा सके। कापियों की खेप प्राप्त होते ही अधिकारियों को निर्धारित संख्या का मिलान कर आपूर्तिकर्ता को प्राप्ति रसीद देनी होगी। इसकी एक प्रति तत्काल जिला कार्यालय को भेजी जाएगी। पारदर्शिता के लिए भंडार पंजी होगी।
लेखा जोखा रखने को बनेगी भंडार पंजी
प्रखंड से लेकर विद्यालय स्तर तक कापियों का पूरा लेखा-जोखा रखने के लिए भंडार पंजी बनाई जाएगी। विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक कापियां प्राप्त कर पंजी में अंकित करेंगे और वितरण के समय छात्र-छात्राओं या उनके अभिभावकों के हस्ताक्षर-अंगूठे के निशान लिए जाएंगे।
नौवीं से 12वीं के छात्रों को मिलेंगी दस कापियां
योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाली नोटबुक 120 पृष्ठों वाली होगी। कक्षावार तय की गई कापियों की संख्या का विवरण किया जाएगा। पहली व दूसरी कक्षा के छात्रों को हिंदी, अंग्रेजी व गणित की एक-एक नोटबुक दी जाएगी। तीसरी, चौथी एवं पांचवीं कक्षा के लिए हिंदी में तीन व गणित में दो, छठी से आठवीं में हिंदी में सात व गणित में तीन और नौवीं से 12वीं के लिए हिंदी में छह व गणित में दो नोटबुक छात्रों को निश्शुल्क दिए जाएंगे।
Read Also: Jharkhand News : मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की

